उरई। रेलवे स्टेशन के स्काउट-गाइड कार्यालय का टिनशेड तोड़कर चोरी हो गई। जीआरपी ने मामले को सिविल पुलिस का बताया है। जो सामान चोरी हुआ है, वह गर्मियों के दिनों में रेलयात्रियों को शीतल जल पिलाने के काम आता था।
उत्तर-मध्य रेलवे स्काउट एवं गाइड के ग्रुप लीडर विजय कुमार ने रविवार को जीआरपी को तहरीर दी। इसमें बताया कि स्काउट गाइड कार्यालय रेलवे कॉलोनी में एडीएसटीई ऑफिस के सामने स्थित है। रविवार को कार्यालय खोलने पर पता चला कि चोरों ने कार्यालय का टिनशेड तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी कर लिया। इसमें पानी के सात ड्रम, 70 कीप, 70 प्लास्टिक मग, 25 स्टील जग, तीन रोल लेजम, पानी फिटिंग पाइप, दो स्टील की टंकी, पांच प्लास्टिक की बाल्टी चोरी हो गई थी।
उन्होंने बताया कि यह कार्यालय हर रविवार को खोला जाता है। इसमें बच्चों की एक्टिविटी और उनके कार्यक्रम होते हैं। कुछ दिनों से बारिश होने के कारण उसमें पानी भर जाने की स्थिति में कार्यालय नहीं खोला गया था। 15 दिन पहले जब कार्यालय खोला गया था तो सब सामान सुरक्षित रखा था। रविवार सब सामान गायब मिला। उन्होंने बताया कि कार्यालय रेलवे कॉलोनी से जुड़ा है और अक्सर बाहरी लोगों का जमावड़ा लगा रहता है।
जीआरपी थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज ने मामला सिविल पुलिस का बताते हुए राजेंद्रनगर चौकी में तहरीर देने की बात कहकर शिकायतकर्ता को लौटा दिया। इसके बाद ग्रुप लीडर राजेंद्रनगर चौकी गए वहां भी तहरीर दी। वहां चौकी प्रभारी नहीं थे। उन्होंने बताया कि वह शाम को फिर से जाएंगे।