कदौरा (जालौन)। कार निकालने के विवाद में सवारों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा। फिर उसे कार में बंधक बनाकर फार्म हाउस के पास फेंक दिया। राहगीरों ने लहूलुहान हालत में पड़े युवक को देखकर परिजनों व पुलिस को जानकारी दी। पुलिस पीड़ित के परिजनों से समझौते का दबाव बनाती रही। मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने पर पुलिस ने अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
कदौरा कस्बे के मुख्य बस स्टैंड में रविवार सुबह छह बजे मोहल्ला पुराना बाजार निवासी मो. अलीम (30) बाइक से बस स्टैंड चाय पीने जा रहा था। जैसे वह चतेला तिराहे के पास पहुंचा तभी बवीना की ओर से आ रही कार तेजी से लहराकर निकल गई। यह देखकर युवक ने हमीरपुर-जोल्हूपुर हाईवे पर 700 मीटर पीछा कर कार के आगे बाइक खड़ी कर कार सवारों को रोक लिया, इससे कार सवारों से बहस होने लगी।
इसके बाद कार से उतरे चार युवकों ने मो. अलीम को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, तभी एक युवक ने कार चढ़ाने की कोशिश की। फिर उन्होंने जबरन अलीम को कार में बंधक बनाकर डाल लिया और मारपीट करते हुए दो किमी दूर बागी फार्म के पास मरणासन्न हालत में छोड़कर भाग गए। इसी बीच उधर से निकले राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों को दी।
परिजन तुरंत पहुंचकर घायल को सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीओ डॉ.देवेंद्र पचौरी ने बताया कि पिता खलील कुरैशी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़ित परिजनों पर पुलिस ने समझौता का दबाव बनाया
कदौरा। युवक के साथ दिनदहाड़े हुई मारपीट कर बंधक बनाने की वारदात को कदौरा पुलिस ने हल्के में लिया और परिजनों को तीन घंटे तक थाने में खड़ाकर समझौते का दबाव बनाती रही। लेकिन मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब घटना का संज्ञान उच्चाधिकारियों को हुआ तब पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी होने पर भी पुलिस ने तत्परता नहीं दिखाई जिससे आरोपी बचकर निकल गए। अगर पुलिस चाहती तो सभी हिरासत में होते। (संवाद)