उरई। महिला ने पूर्व विधायक पुत्र व उसके साथियों पर घर में घुसकर पीटने व छेड़खानी का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और उसका मंगलसूत्र भी छीन लिया गया। उसके दिव्यांग पति के साथ भी मारपीट की गई।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 31 दिसंबर की रात कालपी व सरसेला गांव के लगभग 10 लोग शराब के नशे में उसके घर में घुस आए। उसके दिव्यांग पति को पीटने लगे। इन लोगों ने उसके साथ छेड़खानी की। उसने शोर मचाया तो मोहल्ले के लोग आ गए। महिला का आरोप है कि इन हमलावरों में पूर्व विधायक का पुत्र भी शामिल था। उसी के कहने पर घटना को अंजाम दिया गया।
आरोप है कि इन लोगों ने उसका मंगलसूत्र छीन लिया और धमकी दी। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मारपीट की जानकारी हुई थी।