उरई/कोंच। दवा लेकर लौट रहे मजदूर की बाइक में वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। राहगीरों ने घायल को पड़ा देख मेडिकल कालेज उरई पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाइक चालक हेलमेट लगाए था, जो टक्कर के बाद उछल कर दूर जा गिरा।
कोंच थाना क्षेत्र के छोटी सिकरी गांव निवासी रामप्रकाश उर्फ नीतू (30) सोमवार की शाम उरई से पत्नी की दवा लेकर बाइक से लौट रहा था। उसकी बाइक जब कैथी मनौरी पुलिया के पास पहुंची तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके दो लड़के है। मां बारीबाई, पत्नी शारदा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने जिला प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार की है। उनका कहना है कि रामप्रकाश की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। पूरे परिवार में वहीं एकलौता कमाने वाला था। मौत से परिवार के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।