रामपुरा। सराफ की दुकान पर पहुंचे बाइक सवार दो टप्पेबाजों ने खरीदारी के नाम पर सोने के जेवरों की टप्पेबाजी कर ली। दुकानदार को जब जानकारी हुई तो उन्होंने थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष का कहना है कि बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है, जल्द टप्पेबाजों को पकड़ा जाएगा।
कस्बा स्थित सराफा बाजार में शनिवार दोपहर दो टप्पेबाज बाइक से मदनलाल सोनी की दुकान पर पहुंचे। इसमें एक टप्पेबाज बाहर बाइक पर बैठा रहा। जबकि दूसरा दुकान में पहुंचा और दुकानदार से झुमकी व हाय दिखाने के लिए कहा। दुकानदार ने हाय दिखाया तो युवक ने हाय खरीदकर उसका भुगतान कर दिया। इसके बाद युवक अन्य जेवर देखने लगा।
इसी दौरान दुकानदार को बातों में उलझाकर उसने आभूषणों से भरा डिब्बा पार कर दिया और फिर आने की बात कहकर बाइक में बैठकर चला गया। दुकानदार ने जब जेवर से भरा डिब्बा गायब देखा तो खलबली मच गई। सराफा व्यापारी ने अन्य दुकानदारों को इकट्ठा कर थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। दुकानदार ने बताया कि टप्पेबाज चार जोड़ी झाले, चार जोड़ी टॉप्स, तीन जोड़ी कुंडल सहित पच्चीस ग्राम सोना लेकर भाग गए हैं। थाना प्रभारी संजीव कटियार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच पड़ताल कर टप्पेबाजों का पता लगाया जा रहा है।