सियासी दलों के साथ बैठक करतीं डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
उरई (जालौन)। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की गुरुवार को बैठक की गई। इसमें आचार संहिता के अलावा विभिन्न बिंदुओं के बारे में जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कौर ने सभी को मतदाता सूची की फोटोकापी व सीडी प्रदान की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियों की फोटोकापी व सीडी प्रदान की। डीएम संदीप कौर ने कहा कि जिन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हो सके हैं, वह निर्वाचन कार्यालय से मतदाता सूचियां प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों को आचार संहिता का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि हर किसी को चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन कराने में सहयोग करना होगा। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू हो चुकी है। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आलोक कुमार यादव, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, सपा जिलाध्यक्ष वीरपाल यादव मौजूद रहे।