कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगण।
- फोटो : अमर उजाला
जालौन। वोट देना सभी मतदाताओं का संवैधानिक अधिकार है। मतदाता जागरूकता जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के लिए जागरूक करना है। इससे लोग प्रेरित होकर बिना भय या प्रलोभन के अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग कर सकें। यह बातें स्थानीय छत्रसाल इंटर कॉलेज में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक के दौरान मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी व पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय शर्मा ने कहीं। कार्यक्रम के बाद सभी को मतदाता की शपथ दिलाई गई व मतदाता जागरूकता रैली भी निकाली।
स्थानीय छत्रसाल इंटर कॉलेज में उपजिलाधिकारी शीतला प्रसाद के मुख्य आतिथ्य एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय शर्मा व तहसीलदार सतीश कुमार वर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में मतदाता जागरूकता रैली व नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कहा कि जो भी मतदाता हैं, वोट देना उनका संवैधानिक अधिकार है। मतदाताओं को उनके इस अधिकार से उन्हें कोई वंचित नहीं कर सकता है। यदि कोई व्यक्ति मतदाता को मत देने से रोकता है या उन्हें किसी व्यक्ति अथवा पार्टी विशेष को मत देने का भय दिखाता है या किसी भी प्रकार का कोई प्रलोभन देता है तो इसकी शिकायत प्रशासन से करें।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि चुनावों में अपने मत का प्रयोग अवश्य ही करें। लोकतंत्र के इस पर्व में सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मतदान के दिन अपने मत का प्रयोग कर व्यक्ति सीधे घर जाएं। पोलिंग बूथ अथवा पंडालों के आसपास भीड़ कतई न लगाएं ताकि कोई शरारती तत्व शांति भंग की कोशिश न कर सके। इस दौरान उपस्थित सभी जनों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम की समाप्ति पर छात्रों द्वारा मतदाता जागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम का संचालन मित्र मंडल के संयोजक सुशील कुशवाहा ने किया। इस मौके पर जालौन बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या कृष्णश्री गुप्ता, बीआरसी पंकज कुमार, सुरेश चंद्र श्रीवास्तव, ब्रजेंद्र सिंह कुशवाहा, नरेंद्र सिंह निरंजन, सुनील द्विवेदी, लाखन सिंह, अजीत श्रीवास्तव, विपुल दीक्षित, एसआई शरद यादव आदि उपस्थित रहे।