कालपी। डूडा कॉलोनी में सोमवार सुबह किशोर ने फंदा लगाकर जान दी। मां जब कमरे में पहुंची तो फंदे से शव लटका देखा। उन्होंने बताया कि चार दिन से किशोर किसी बात को लेकर परेशान था। पूछने पर वह किसी को कुछ नहीं बता रहा था।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला राजघाट में बनी डूडा कॉलोनी निवासी नकुल (16) ने सोमवार की सुबह कमरे में लगे हुक से गमछे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मां गायत्री जब कमरे में पहुंची तो फंदे पर शव लटका देख उसकी चीख निकल गई।
गायत्री ने बताया कि उसके पति कुंवर प्रताप सिंह को आवास आवंटित हुआ था। जहां पर वह अपने तीन बच्चों के साथ रह रही थी। दो वर्ष पहले पति की कैंसर से मौत हो गई थी। बड़ा बेटा नकुल नगर के टरननगंज स्थित किराना दुकान में काम कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। बताया कि चार दिन से काम पर नहीं जा रहा था और किसी से बात भी नहीं कर रहा था।
पूछने पर भी उसने किसी को कोई वजह नहीं बताई। सुबह जैसे ही वह सभी लोग नीचे गए कि मौका पाकर उसने आत्महत्या कर ली। कोतवाल परमहंस तिवारी का कहना है कि परिजन मौत की वजह नहीं बता पा रहे हैं। जांच की जा रही है।