दो दिन पहले शासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में भेजी गई टीम ने कोंच सीएचसी का निरीक्षण किया। टीम ने पिछले दिनों डिलीवरी के वक्त पैसे मांगे जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएचसी स्टाफ की क्लास भी लगा दी। चेतावनी दी कि ऐसा मामला यदि दोबारा सामने आया तो सख्त कार्यवाही की जाएगी।
दरअसल, अगले माह केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य मिशन के तहत दी जाने वाली धनराशि और सुविधाओं का लाभ किस हद तक जनता को मिल पा रहा है, इसके बारे में जानकारी करवाई जा रही है। इसके लिए केंद्र की टीमें क्षेत्रों का दौरा कर यहां के सीएचसी केंद्रों का जायजा ले रही हैं।
टीम सदस्यों ने निर्देश दिया कि सीएचसी अधिकारी 108 व 102 के बारे में अधिकाधिक लोगों को जानकारियां उपलब्ध कराएं ताकि जनता को उनका लाभ मिल सके। टीम ने माना कि कोंच में सर्जन नहीं होने से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि शासन को इसकी जानकारी दी गई है। अवकाश प्राप्त चिकित्सकों की सेवाएं लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बीपीएल कार्ड धारकों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी ताकीद करते हुए किसी से पैसे मांगने पर सख्त कार्यवाही की बात कही।
जननी सुरक्षा योजना के अकाउंट भी टीम ने खंगाले। इस दौरान टीम हैड संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण लखनऊ डॉ. सुभाषचंद्र सुंदियाल, उपमहाप्रबंधक मातृ स्वास्थ्य डॉ. मनोज शुक्ला, डीसीपीएम चित्रकूट अनिलकुमार वर्मा, डीएएम फतेहपुर सलमान अब्बास नकबी, सीएचसी प्रभारी डॉ. आरके शुक्ला आदि शामिल रहे।