उरई। चेकिंग करने गई विद्युत विभाग की टीम ने ग्रामीणों पर अभद्रता कर बाइकें पंक्चर करने का आरोप लगाया है। विभागीय कर्मचारियों ने थाना पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बिजली विभाग के औंता विद्युत केंद्र के अवर अभियंता इसरार अहमद रविवार को कर्मचारियों के साथ औंता में बिजली चेकिंग करने गए थे। जहां कई उपभोक्ताओं के बिल बकाया होने पर टीम उनके कनेक्शन काट रही थी थे। इसी बीच आक्रोशित ग्रामीणों ने कर्मचारियों की तीन बाइकों को पंचर कर दिया और उनके साथ अभद्रता की। कर्मचारियों ने थाना पहुंचकर गांव के ही निवासी दीपू, शंकर, योगेंद्र, अशोक के खिलाफ अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। थाना प्रभारी शिव शंकर सिंह का कहना है कि चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। जांच की जा रही है।