उरई। जिले में रविवार को 33 ग्रामीण व सात शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह के साथ मंडलीय प्रबंधक धाम चित्रकूट आलोक कुमार, मंडलीय प्रबंधक फैमिली प्लानिंग लॉजिस्टिक अमृता राज ने शहरी क्षेत्र में संचालित पीएचसी में आयोजित स्वास्थ्य मेलों का भ्रमण कर फीडबैक लिया। टीम ने नगरीय क्षेत्र में उमरारखेरा, बघौरा, कांशीराम कॉलोनी और तुफैलपुरवा पीएचसी में संचालित स्वास्थ्य मेलों की हकीकत देखी। उमरारखेरा पीएचसी में चिकित्साधिकारी डॉ. अभिलाष व एलटी विनय से रोजाना आने वाले मरीज और जांचों की स्थिति की जानकारी ली। जिले भर में आयोजित मेले में 62 चिकित्सक व 173 पैरामेडिकल स्टाफ ने चिकित्सीय कार्य किया। 972 पुरूष, 680 महिला व 134 बच्चों सहित 1746 रोगियों का परीक्षण किया गया। 45 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। 150 बुखार पीड़ित मरीजों में 71 रोगियों का मलेरिया कार्ड से जांच की गई। इसके अलावा 15 हेपेटाइटिस व 36 लोगों की आंखों की जांच की गई। 65 गर्भवती महिलाओं का परीक्षण किया गया और चार रोगियों को उच्च सेंटर रेफर किया गया। मेले में 254 लीवर संबंधी, 171 श्वसन संबंधी, 139 डायबिटीज के रोगी आए। सबसे अधिक 285 त्वचा संबंधी रोगों के रोगी पहुंचे। इसके अलावा आठ की खून की जांच और 82 उच्च रक्तचाप के रोगी देखें गए।