कोंच/कदौरा/माधौगढ़। बृहस्पतिवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जिलेभर में किसानों की चिंता बढ़ा दी। सबसे ज्यादा असर मूंग, उर्द और प्याज की फसलों पर पड़ा है। कई जगह खेतों में कटी पड़ी मूंग की फसल तेज हवा में उड़ गई, जबकि मंडियों और खरीद केंद्रों में खुले में रखा अनाज भी भीग गया। किसानों का कहना है कि यदि मौसम फिर बिगड़ा तो नुकसान और बढ़ सकता है।
कोंच गल्ला मंडी में इन दिनों मूंग की रिकॉर्ड आवक हो रही है। जगह कम पड़ने के कारण बड़ी मात्रा में मूंग की बोरियां खुले में रखी गई थीं। देर रात अचानक आई बारिश से कई बोरियां भीग गईं। मंडी में खड़ी मूंग से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को किसान सुरक्षित स्थानों की ओर ले जाते दिखाई दिए। व्यापारियों और किसानों ने बताया कि भीगने से मूंग की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
कदौरा क्षेत्र में तूफान ने किसानों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया। कई किसानों की खेतों में कटी पड़ी मूंग की फसल तेज हवा में उड़ गई। खुटमिली गांव के सत्येंद्र शुक्ला, बब्बू शुक्ला, अरुण कुमार, श्रवण कुमार और विनीत कुमार की करीब 35 बीघा मूंग की फसल प्रभावित हुई। वहीं सजेहरा गांव में रामनारायण और राजू सिंह की लगभग 40 बीघा मूंग की फसल खराब हो गई। किसानों ने बताया कि फसल कटाई के बाद गहाई की तैयारी थी, लेकिन तूफान ने पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।
जालौन और माधौगढ़ क्षेत्र में भी किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। खेतों में तैयार खड़ी मूंग और उर्द की फसल बारिश और तेज हवाओं से प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर फसल झुक गई है, जबकि कटाई के बाद खेतों में रखी फसल में नमी बढ़ने से दाने काले पड़ने और सड़ने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो पैदावार और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होंगे।
प्याज की फसल को लेकर भी किसान परेशान हैं। खेतों में निकाली गई प्याज बारिश के पानी से भीग गई है, जबकि जमीन में खड़ी फसल के गलने की आशंका बढ़ गई है। किसानों ने बताया कि लगातार नमी बनी रही तो भारी नुकसान हो सकता है।
वहीं आटा क्षेत्र में दाल प्लांट का टिनशेड उड़ जाने से करीब एक हजार क्विंटल मटर भीग गया। इसके अलावा कदौरा मंडी में खुले में रखा गेहूं भी बारिश की चपेट में आ गया। किसानों और व्यापारियों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की है।
फोटो - 31 कोंच मंडी में बारिश के बाद भींगे गेहूं के बोरे। संवाद
फोटो - 31 कोंच मंडी में बारिश के बाद भींगे गेहूं के बोरे। संवाद
फोटो - 31 कोंच मंडी में बारिश के बाद भींगे गेहूं के बोरे। संवाद