आटा। चोरों ने सो रहे दंपति के कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर, दूसरे कमरे का ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर लिए।
सुबह जब दंपति जागे तो बाहर से कुंडी लगी देख परेशान हो गए। किसी तरह उन्होंने कुंडी खोली और दूसरे कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई है।
आटा थाना क्षेत्र के ग्राम करमेर के रहने वाले किसान शत्रुघ्न राजपूत व उनकी पत्नी पूनम एक कमरे में सो रहे थे। उनका बेटा बाड़े में सो रहा था। शत्रुघ्न ने बताया कि रात में चोर छत के रास्ते नीचे उतरे। उन्होंने उनके कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी। नींद में होने के कारण इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। उसके बाद दूसरे कमरे का ताला तोड़ा, उसमें रखी अलमारी का लॉक तोड़कर 74 हजार की नकदी, दो अंगूठी, सोने की एक जोड़ी झुमकी, तीन जोड़ी चांदी की पायल, एक कमरे से गृहस्थी का कुछ सामान चोरी कर लिया। सुबह जब उठे तो बाहर से दरवाजे की कुंडी लगी थी।
किसी तरह उस कुंडी को खोला और दूसरे कमरे में देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। आटा थाना प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।
किसान शत्रुघ्न राजपूत ने बताया कि उसने 40 बीघा में मटर की फसल की थी। धूप निकलने के बाद उसकी तुड़ाई शुरू हो गई। आठ दिन पहले ही उसने टूटी फली को करीब ढाई लाख रुपये में बेचा था। कुछ जरूरी काम में खर्च हो गए और शेष 74 हजार रुपये घर की अलमारी में रखे थे। किसानी कर के ही वह घर का भरण-पोषण करता है।