उरई। शहर के सेक्रेड हार्ट सेंटेनरी स्कूल में सोमवार को बस से कुचलकर हुई कक्षा दो की छात्रा की मौत के बाद बस को बदल दिया गया था। पुलिस जांच में इसका खुलासा हुआ है। सीओ का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, जो आरोपी होंगे, इन पर कार्रवाई की जाएगी।
एट थाना क्षेत्र के बर्ध गांव निवासी कौशलेंद्र सिंह की आठ वर्षीय बेटी राधिका शहर के झांसी रोड स्थित सेक्रेड हार्ट सेंटेनरी स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी। सोमवार को स्कूली बस से कुचलकर उसकी मौत हो गई थी। घटना के बाद वाहन मालिक ने बस को बदल दिया था। सीओ उमेश कुमार पांडेय ने जब बच्चों से पूछताछ की तो बस बदलने का मामला सामने आया है।
बताया कि जब घटना हुई तो आरोपी चालक मनु सोनी राधिका को लेकर मेडिकल कालेज चला गया था। जबकि मनु के पिता सुनील कुमार ने जिस बस से कुचलकर छात्रा की मौत हुई थी। उस बस को वहां से हटाकर दूसरी बस खड़ी कर दी थी। पुलिस जांच में स्कूल के दरवाजे पर लगा सीसीटीवी कैमरा भी खराब पाया गया। जिससे घटना कैद नहीं हो पाई है। इसी का फायदा उठाकर बस बदलने का काम हो गया। लेकिन पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही साफ उजागर हो रही है। लोगों का कहना है कि इतना बड़ा हादसा होने बाद भी स्कूल प्रबंधन लगातार झूठ बोल रहा है। सीओ ने बताया कि बस को बदल दिया गया था। जांच में जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।
मासूम छात्रा की मौत की होगी मजिस्ट्रेटी जांच
उरई। स्कूली बस से कुचलकर हुई मासूम छात्रा राधिका की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम राजेश पांडेय ने मंगलवार को मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पूरे मामले की जांच करेंगे। छात्रा की मौत का मामला संज्ञान में आने पर डीएम ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मनोज कुमार को जांच कर छह सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक मनु के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। स्कूल प्रबंधन ने भी तीन दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। प्रधानाचार्य सिस्टर रफायल ने बताया कि घटना के बाद से सभी स्टाफ दुखी है। जिला प्रशासन की जो भी जांच होगी उसमें पूरा सहयोग किया जाएगा।