कोंच। नगरपालिका प्रशासन जल्द ही रेलवे क्रासिंग से वाया कंजर बाबा नदीगांव को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण करा सकता है। इसके अलावा रेल पटरी के किनारे खाली पड़ी जमीन पर पार्क विकसित करने की भी योजना है। इस बाबत रेल विभाग से एनओसी मिलने की उम्मीद पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने जताई है।
पालिकाध्यक्ष इस संबंध में विधायक मूलचंद्र निरंजन के साथ डीआरएम झांसी दीपक कुमार सिन्हा से मुलाकात कर चर्चा कर चुके हैं। इस बात की भी संभावना जताई जा रही है कि डीआरएम जल्द ही कोंच का दौरा कर सकते हैं।
जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुकी रेलवे क्रासिंग से वाया कंजर बाबा नदीगांव रोड को जोड़ने वाली सड़क के दिन जल्दी ही बहुर सकते हैं। पालिका की योजना रेलवे क्रासिंग से स्टेशन के पास तक पटरी किनारे खाली पड़ी जमीन पर पार्क विकसित करने की भी है।
पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने बताया कि नागरिकों की सुविधा को देखते हुए पालिका इस सड़क का निर्माण कराने पर विचार कर रही है। इस संबंध में वह क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन के साथ झांसी जाकर डीआरएम से मुलाकात कर चुके हैं और इन सभी मुद्दों पर उनसे चर्चा कर चुके हैं। जिस पर डीआरएम ने सकारात्मक रुख दिखाया है और रेल विभाग अनापत्ति प्रमाणपत्र दे सकता है।
हालांकि रेलवे की सड़क क्रासिंग से लेकर कंजर बाबा तक ही है, इसके लिए रेल विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र पालिका प्रशासन को लेना होगा। डीआरएम से हुई चर्चा के बाबत पालिकाध्यक्ष ने बताया कि अगर रेल विभाग के पास बजट होगा तो पार्क विकसित करने का काम विभाग कराएगा, अन्यथा पालिका को एनओसी दे सकता है। पालिकाध्यक्ष के मुताबिक, जल्द ही डीआरएम कोंच का दौरा कर इन सब चीजों का अवलोकन कर सकते हैं।