फोटो-19-कलक्ट्रेट में ई पॉश मशीन लेकर प्रदर्शन करते कोटेदार। संवाद
- फोटो : सकरन क्षेत्र में हंगामा करते किसान।
उरई। ऑल इंडियन फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन ने शुक्रवार को संगठन के प्रांतीय आह्वान पर कलक्ट्रेट में ई पॉश मशीनें लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विनय मौर्य को देकर न्यूनतम इनकम गारंटी देने की मांग की।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष जयदेव सिंह यादव ने कहा कि कोटेदारों की समस्याओं को लेकर आज पूरे प्रदेश में कोटेदारों का प्रदर्शन है। जिले के 760 कोटेदार भी आज आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोटेदार शासन की मंशा के अनुसार राशन वितरण करते हैं। कोरोना काल में भी कोटेदार ने प्रधानमंत्री अन्न योजना व राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन का निशुल्क वितरण किया। कोटेदार ई-पॉस से ईमानदारी से राशन का वितरण कर रहे हैं। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, किसान फार्मर रजिस्ट्री, एसआईआर, वोटर लिस्ट संशोधन में भी सहयोग करते हैं।
उन्होंने कहा कि कोटेदारों को लाभांश 90 रुपये प्रति क्विंटल ही मिलता है, जबकि हरियाणा में 200 रुपये, गोवा में 220 रुपये, केरल, दिल्ली जैसे राज्यों में दो दो हजार रुपये प्रति क्विंटल लाभांश दिया जा रहा है। गुजरात में 20 हजार रुपये मिनिमम इनकम गारंटी दिया जा रहा है। कोटेदारों ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह यूपी में भी लाभांश और मिनिमम इनकम गारंटी दी जाए। ऐसा न होने पर 28 जनवरी से बेमियादी धरना प्रदर्शन और विधानसभा घेराव को बाध्य होंगे। इस दौरान श्यामकरन दुबे, अमर सिंह, महेश चंद्र, देवेंद्र सिंह, रामशंकर, हरिश्चंद्र आदि कोटेदार रहे।