विधानसभा चुनाव के दौरान गोहन थाने में तैनात दरोगा को व्हाट्सऐप पर एक पार्टी विशेष के लिए मतदान की अपील करना भारी पड़ गया। एसपी स्वप्निल ममगेन ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है। एसपी ने विभागीय जांच के भी निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, गोहन थाने में तैनात दरोगा शिवकरन वर्मा ने अपने मोबाइल से चुनाव के ठीक पहले एक पार्टी के पक्ष में मतदान करने की अपील की थी। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। एसपी ने मामले को संज्ञान में लेकर आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि यह अनुशासनहीनता है। वह दरोगा की विभागीय जांच भी करवा रहे हैं।