प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते विधायक मूलचंद्र निरंजन
- फोटो : ORAI
कोंच। स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद अब फ्लिपकार्ट और अमेजन पर भी बिकेंगे। यह अच्छी बात है कि जनपद में अनुरागिनी संस्था नगरीय क्षेत्रों में महिलाओं को समूहों से जोड़कर उनके हुनर को आगे बढ़ी रही है। प्रधानमंत्री ने समूह के सदस्यों को सभी जनकल्याणकारी योजनाओं में प्राथमिकता से जोड़ा है। यह बात क्षेत्रीय विधायक मूलचंद निरंजन ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत अनुरागिनी संस्था द्वारा नगर पालिका सभागार में आयोजित समूहों के सदस्यों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कही।
ईओ बुद्घिप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं अन्य सरकारी योजनाओं में पात्र समूह की महिलाएं शीघ्र नगर पालिका में आवेदन जमा कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। संस्था अध्यक्ष डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने बताया कि दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के हुनर को निखारने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। कोंच में 20 समूहों का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम समन्वयक सत्यम मिश्रा ने कहा कि नगरीय क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में ड्रेस का कार्य समूह को दिया गया है पर प्रधान व शिक्षक सहयोग नहीं कर रहे हैं जिससे महिलाओं को परेशानी हो रही है। विधायक ने इस संबंध में बीएसए से बात कर कार्य दिलाने का आश्वासन दिया। प्रशिक्षक श्यामकरन प्रजापति, जिलाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राजावत, अंजू अग्रवाल, प्रदीप गुप्ता, सुधा खरे, मनोरमा, सीता तिवारी आदि रहे।