कोंच। अंडा गांव में अभी भी जलभराव सहित दुश्वारियां बरकरार हैं। अफसरों के आश्वासन के 24 घंटे बीत चुके हैं। गांव के लोग अब भी अफसरों के इंतजार में हैं, ताकि परेशानियां दूर हो सकें। सोमवार को ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
तहसील मुख्यालय से मात्र तीन किलोमीटर दूर ग्राम अंडा के ग्रामीण गांव की बदहाली से परेशान हैं। रविवार को जाम के दौरान मिले आश्वासन के बाद सोमवार को भी कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी गांव नहीं पहुंचा था। सोमवार को गांव के संतराम कोरी, श्यामजी तिवारी, अमित, बलवीर सिंह, सुरेश चंद वर्मा, राजू वर्मा, गोल्डी, गौतम आदि तहसील पहुंचकर एसडीएम ज्योति सिंह को ज्ञापन सौंपा।
इसमें उन्होंने बताया कि गांव में बने तालाब के पानी की निकासी के लिए एक नाला था, जो अतिक्रमण के कारण अवरुद्ध हो गया है। तालाब का पानी निकल नहीं पा रहा है। पानी गांव व खेतों में भरा हुआ है। बता दें कि बेमौसम हुई बारिश के बाद से गांव के तालाब ओवरफ्लो हो गया है। गांव के रास्तों, मंदिर, गोशाला सहित खेतों तक पानी भरा हुआ है।
परेशान ग्रामीणों ने रविवार को एट-कोंच-बंगरा-भीखेपुर स्टेट हाईवे तीन घंटे तक जाम कर दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार गांव की समस्याओं को लेकर शिकायत कर चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। कायत के बाद एसडीएम के आदेश पर पहुंचे बीडीओ ने समस्या को देखा और समस्या का समाधान करने की बात कही।
मामले की रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को भेज दी गई थी। गांव में तैनात लेखपाल छुट्टी पर हैं, उसकी जगह दूसरे लेखपाल को भेजा गया था। पानी से नष्ट हुई फसलों का सर्वे किया है।
जितेंद्र सिंह, तहसीलदार, कोंच
फोटो-18-एसडीएम को ज्ञापन लेने पहुंचे ग्राम अंडा के ग्रामीण। संवाद