सीओ और थानाध्यक्ष को जानकारी देता तेल व्यापारी।
- फोटो : ORAI
उरई। व्यापारी की गुल्लक से युवक ने डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए। जब व्यापारी ने रुपये गायब देखे तो कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी व कोतवाल ने जांच पड़ताल कर मामला दर्ज कर लिया है। सीओ का कहना है कि बदमाशों को जल्द पकड़ भी लिया जाएगा।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सुशील नगर निवासी राजेश गुप्ता की जालौन रोड स्थित मैंथा आयल की दुकान पर शुक्रवार दोपहर तीन बजे उनका बेटा नीतेश बैठा था। तभी दो युवक बाइक से आए और दुकानदार से बोले कि मैंथा आयल (पिपरमेंट का तेल) बेचना है और उनका ड्रम कुछ दूरी पर खड़ी गाड़ी में रखा है। चलकर देख लो। जिस पर बाइक सवार एक युवक दुकान पर बैठ गया।
जबकि व्यापारी राजेश गुप्ता का पुत्र नीतेश गुप्ता दूसरे युवक के साथ बाइक से माल देखने चला गया। तभी दुकान पर बैठे युवक ने गुल्लक में रखे डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए। लौटकर आए दुकानदार को छोड़कर युवक बाइक से भाग निकले। बताते हैं कि बदमाश किसी के ड्रम दिखाकर सौदे की बात कही तब नीतेश ने पिता से बात कर तेल खरीदने की बात कही थी।
दोनों के भागने के बाद जब दुकानदार ने गुल्लक खोलकर देखी तो उसमें रखे रुपये गायब देखकर उसके होश उड़ गए और इसकी सूचना उसने अपने पिता राजेश को दी। राजेश ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर सीओ संतोष कुमार, कोतवाल शिवगोपाल सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद युवकों को हुलिया पूछकर उनकी तलाश शुरू कर दी। सीओ का कहना है कि जरूरत पड़ी तो हुलिए के आधार पर बदमाशों का स्केच भी बनवाया जाएगा।