सीओ व कोतवाल की मौजूदगी में व्यापारी को पैसा सौंपता बच्चा
- फोटो : ORAI
कोंच (जालौन)। कस्बे में मंगलवार को बीच रास्ते में एक बच्चे को एक बंडल मिला। खोलकर देखा तो उसमें एक लाख रुपये थे। बच्चे ने कुछ युवकों के साथ कोतवाली पहुंचकर सीओ आरपी सिंह और कोतवाल इमरान खान को रुपये सौंप दिए। खो गए रुपये जब बुधवार को व्यापारी के हाथ में आए तो खुशी से उसके आंसू छलक गए।
कोंच कस्बा के दोना-पत्तल व्यापारी हरिश्चंद्र अग्रवाल मंगलवार को पूंछ इलाके से तगादा लेकर लौट रहे थे तभी कस्बे के बजरिया क्षेत्र में उनके रुपयों का बंडल जिसमें एक लाख आठ हजार रुपये थे, कही गिर गया। यह बंडल बजरिया निवासी कपिल शुक्ला के भतीजे वैभव को मिला। बच्चे ने परिवार के लोगों को बताया तो उन्होंने रकम पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया।
सीओ आरपी सिंह से कहा कि जिसकी रकम हो, उस तक पहुंचा दें। बुधवार को व्यापारी हरिश्चंद्र अग्रवाल आए तो जरूरी पूछताछ के बाद उन्हें रकम सौंप दी। सभी ने बच्चे की ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए उसे दुआएं दीं। व्यापारी के अलावा सीओ ने भी बच्चेे को पुरस्कृत किया।