पाटन। लोनियनखेड़ा गांव में हुई किसान राजाराम की सुपारी देकर हत्या कराने की बात सामने आई है। मामले में पुलिस ने रविवार को पूर्व प्रधान के देवर को पूछताछ के लिए उठाया है।
हत्यारोपी कमलेंद्र उर्फ दुल्ला और उसके बेटे मंगल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ में हकीकत सामने आने लगी है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि एक पूर्व प्रधान के देवर से राजाराम की रंजिश थी। उसने हत्या के लिए पचास हजार रुपये देने की बात कही थी और दस हजार रुपये पेशगी भी दी थी। हत्यारोपी के कुबूलनामे के बाद पुलिस ने एक पूर्व प्रधान के देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सीओ विजय आनंद ने बताया कि संदिग्ध भूमिका वालों लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हिस्ट्रीशीटरों पर पुलिस की नजर
लोनियनखेड़ा गांव में 30 घंटे के अंदर गोलीकांड की दो घटनाओं के बाद जागी पुलिस संदिग्धों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। करीब 600 आबादी वाले लोनियनखेड़ा गांव आपराधिक मामलों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहता है। गांव के बबलू, रामसिंह, हरीसिंह और मोहन पुलिस रिकार्ड में हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति और हिस्ट्रीशीटरों पर नजर रखी जा रही है। नामजद आरोपितों के अलावा अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।