उरई (जालौन)। झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक के उरई आटा सेक्शन में करमेर रोड रेलवे क्रासिंग के पास ट्रैक पर ट्रैक्टर देखकर गोरखपुर से पनवेल जाने वाली ट्रेन के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके चलते ट्रेन नौ मिनट खड़ी रही। ट्रेन के चालक की सूचना पर आरपीएफ मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर चला गया। आरपीएफ ने ट्रैक्टर की तलाश शुरू कर दी है।
रविवार रात गोरखपुर से पनवेल जाने वाली ट्रेन नंबर 15065 जब करमेर रोड रेलवे क्रासिंग नंबर 183 से गुजर रही थी, तभी ट्रेन चालक एमके रायकवार को रेलवे ट्रैक पर ट्रैक्टर दिखाई दिया। इस पर हार्न बजाकर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। तब तक चालक ट्रैक्टर को बैक कर ले गया। चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम तथा उरई स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर एससी अग्रवाल को दी।
इस पर आरपीएफ दरोगा किशनलाल व इंजीनियरिंग विभाग के चीफ पीडब्ल्यूआई केएल भारती टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक का निरीक्षण किया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके चलते ट्रेन करीब 9.18 बजे से 9.27 बजे तक खड़ी रही। सोमवार की दोपहर झांसी से आए चीफ लोको इंस्पेक्टर एसके सिद्धार्थ के साथ इंजीनियरिंग और आरपीएफ की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और संयुक्त निरीक्षण आख्या तैयार कर मुख्यालय को भेजी। आरपीएफ दरोगा ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।