उरई। डीएम राजेश कुमार पांडेय ने राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज बबीना परिसर में गुरुवार को निर्माणाधीन शिक्षकों के ट्रांजिट हॉस्टल का औचक निरीक्षण किया। लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस भवन में गंभीर तकनीकी खामियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए टेक्निकल ऑडिट कमेटी (टीएसी) से जांच कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि भवन की छत को विद्युत लाइट फिटिंग के लिए काटा गया है, जो निर्माण मानकों के विपरीत है और इससे भवन की संरचनात्मक मजबूती प्रभावित हो सकती है। निर्माण कार्य में फिनिशिंग का भी अभाव मिला। निर्माण कार्य में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कार्यदाई संस्था यूपी सिडको पर 10 प्रतिशत लिक्विडेटेड डैमेज (एलडी क्लॉज) लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर कराते हुए निर्माण कार्य को मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए। इस दौरान एसडीएम कालपी मनोज सिंह, बीडीओ संदीप मिश्रा आदि रहे। (संवाद)