सिरसाकलार। बाइक से पत्नी व बच्ची के साथ खेत पर जा रहे युवक के ऊपर हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर पड़ा। जिससे तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें मेडिकल कालेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी करन सिंह (42) अपनी पत्नी नीलम (40) व पुत्री काजल (20) के साथ बाइक से मंगलवार सुबह अपने खेत पर जा रहे थे। जैसे ही बाइक बड़ी मड़ैया के चकरोड स्थित रामसिंह के खेत पर पहुंची तो करन सिंह के ऊपर हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिससे तीनों झुलस गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने प्रधान की मदद से सभी को मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां करन सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि गनीमत रही कि तार गिरने के बाद तुरंत बिजली चली गई थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।