आटा। छोटे भाई के साथ बेतवा में नहाने गए किशोर की नदी में डूबने से मौत हो गई। छोटे भाई ने भाई के डूबने के जानकारी परिजनों को दी तो परिजनों ने स्थानीय गोताखोरों के साथ उसकी तलाश शुरू की। एक जगह वह नदी में अचेतावस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे मेडिकल कालेज ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के ददरी गांव निवासी दिनेश कुमार का 12 वर्षीय पुत्र लोकेश कुमार अपने छोटे भाई पवन के साथ मंगलवार को गांव के पास से ही निकली बेतवा नदीं में नहाने गया था। वहां नहाते समय लोकेश का पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया। जहां पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। छोटा भाई लोकेश को नदी में डूबते देख चिल्लाता हुआ घर पहुंचा और उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
ग्रामीणों के साथ पहुंचे परिजनों ने नदी से उसे निकालकर मेडिकल कालेज पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि वह हमीरपुर जिले के चुरहा गांव में अपनी मौसी के पास रहकर कक्षा चार में पढ़ाई करता था। बताया कि वह कुछ ही दिन पहले घर आया था। किशोर की मौत से मां आरती सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां रो रोकर एक ही बात कह रही है कि उसे क्या पता था कि उसका बेटा हमेशा के लिए उससे दूर हो जाएगा। नहीं तो वह उसे कभी नहीं बुलाती। थानाध्यक्ष अजय कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच पड़ताल की जा रही है।