पिछले चार वर्षोें से सरकारी नलकूप की नाली लीक होने से खेत में हो रहे जलभराव और फसलों के खराब होने की शिकायत कई बार करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। इससे लगातार तनाव में चल रहे किसान की मंगलवार को तहसील दिवस के दौरान मौत हो गई। वह लाइन में लगकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहा था। तभी उसे दिल का दौरा पड़ गया और
वह गिर गया। अफसर उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डकोर थाना के गांव बंधौली निवासी गंगा प्रसाद (75) पुत्र वंशीधर तिवारी के खेत के पास सरकारी नलकूप है। इससे निकली पाइप लाइन फटी होने के कारण उसकी फसल हर साल खराब हो जाती है। इसको लेकर वह परेशान रहने लगा। कई मर्तबा वह इसकी शिकायत
तहसील दिवस में की लेकिन नतीजा सिफर रहा। किसान मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने पुत्र मानिकचंद तिवारी के साथ बाइक से उरई आया व तहसील दिवस में फिर से शिकायत करने के लिए लाइन में लग गया। तभी उसे बेचैनी हुई और दिल का दौरा पड़ गया। इससे वह जमीन पर गिर गया। इससे तहसील कार्यालय में अफरा तफरी मच गई। एसडीएम संजय
कुमार, सीओ जंगबहादुर, कोतवाल मौके पर पहुंचे व उसे उठाकर जिला अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि किसान की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। उन्हाेंने बताया कि किसान ने कब शिकायत की है और क्या कार्रवाई हुई है, इसकी जांचकर कार्रवाई की जाएगी।