सरावन (जालौन)। ग्राम पंचायत सरावन स्थित तालाब में साथियों संग नहाने गए एक आठ वर्षीय बालक की डूबकर मौत हो गई। जब साथियों ने बालक को तालाब में डूबता देखा तो गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इस पर आननफानन में परिजन मौके पर पहुंचे। इसी बीच सूचना पाकर थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गई। तालाब में तैर रहे बालक के शव को बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके पहले भी तालाब में दो मासूमों की मौत हो चुकी है।
माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सरावन निवासी मिस्टर खां का बेटा रेहान खां मंगलवार को यह कहकर घर से निकला था कि वह साथियों संग खेतों की तरफ जा रहा है। बकौल मिस्टर खेलते खेलते रेहान साथियों के साथ गांव के अमखेड़ा नाका स्थित तालाब में पहुंच गया और नहाने लगा। साथियों के मुताबिक रोकने के बाद भी रेहान तालाब के बीचोंबीच पहुंच गया, जहां गहराई अधिक होने की वजह से रेहान डूबने लगा। दोपहर का वक्त होने की वजह से वहां पर सन्नाटा पसरा था। साथियों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे नहीं बचा सके। जब बेटे के डूबने की सूचना घर पहुंची तो परिजनों में हड़कंप मच गया और बदहवास हालत मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी पाकर थाना पुलिस भी आ गई और गोताखोरों की मदद से तालाब में तैर रहे बालक के शव को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो मासूमों की पहले हो चुकी मौत
ग्रामीणों के मुताबिक सरावन स्थित तालाब में डूबने से हुई बालक रेहान की मौत का मामला कोई नया नहीं है। पांच वर्ष पूर्व भी इसी तरह की घटना हो चुकी है। उस वक्त तालाब में नहाने गए दो मासूमों की डूबने से मौत हो गई थी। वह घटना आज तक गांव वाले नहीं भूल पाए है।