पिछले दिनों कालेज में महान दल के पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाने व अभद्रता करने के मामले में पीड़ित छात्रा के समर्थन में बुधवार को छात्रों ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें पूर्व मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। कहा गया कि यदि जल्द ही पूर्व मंत्री के विरुद्ध उचित कार्रवाई न की गई तो उग्र्र आंदोलन किया
जाएगा। पिछले दिनों माधौगढ़ में स्व. बहादुर सिंह इंटर कालेज में छात्र-छात्राओं की एक सभा की गई। इसमें पूर्व मंत्री व कालेज के प्रबंधक ब्रजेंद्र प्रताप सिंह ने महान दल में मतदान करने का आह्वान किया था। इस दौरान मिहौनी निवासी प्रधान वीरप्रताप सिंह की पुत्री हिमांशु ने विरोध कर दिया और स्वेच्छा से मतदान करने की बात कही। आरोप है कि यह पूर्व मंत्री
को नागवार गुजरी और उन्होंने हिमांशु को जानमाल की धमकी के साथ उसे स्कूल से बाहर निकालने की बात भी कही। प्रधानों ने भी इस घटना का विरोध किया। बुधवार को हिमांशु छात्रों संग शहर आई और उसने एडीएम राकेश कुमार को ज्ञापन देकर कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को स्वेच्छा से मतदान करने का अधिकार हैं। पूर्व मंत्री ने विधानसभा चुनाव
में महान दल को वोट देने को कहा। विरोध करने पर उसे जानमाल के साथ ही भविष्य खराब करने की धमकी दी। छात्रा का कहना है कि जब तक उसे न्याय नहीं मिलता, वह आंदोलन खत्म नहीं करेगी। ज्ञापन देने वालों में अरुण, अक्षय चौहान, सूरज प्रताप सिंह, शिवेंद्र मिहौनी, शिवम, गोलू, समीर, हिमांशु, आदित्य, शशांक, लकी तोमर, मनीष, अखिल आदि मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री के समर्थन में निकाली रैली
पूर्व मंत्री ब्रजेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में स्व. बहादुर सिंह इंटर कालेज के छात्र- छात्राओं ने बुधवार को कस्बे में रैली निकाली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कहा कि पूर्व मंत्री को गलत तरीके से फंसाया जा रहा है। प्रधान विनोद प्रताप व उनकी पुत्री हिमांशु पूर्व मंत्री के खिलाफ राजनैतिक दलों के इशारे पर षड़यंत्र रच रहे हैं। रैली में दीप्ती, आयुषी, अर्पणा, मोहिनी आदि मौजूद रहीं।