फोटो -15 मृतक किशोर अवनीश की फाइल फोटो। स्रोत परिजन
माधौगढ़। नित्यकि्रया के लिए गए लापता किशोर का शव रविवार को पानी से भरे गड्ढे में पड़ा मिला। लोगों ने शव पड़ा देखा तो खलबली मच गई। सूचना पर सीओ कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की।
कोतवाली क्षेत्र के गालमपुरा निवासी कृष्ण कुमार पत्नी सुमन के साथ अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता है। घर पर पिता बाबू लाल, मां रामश्री, पुत्री कशिश (16), पुत्र अवनीश उर्फ हर्ष (14), व कल्लू (8) रहते हैं। शनिवार सुबह कक्षा 8 का छात्र अवनीश शौच के लिए घर के पास खेत में गया था। देर तक घर न पहुंचने पर बहन कशिश ने बाबा को जानकारी दी। बाबा ने ग्रामीणों के साथ खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला।
खेत में साइकिल व शौच के लिए ले गए पानी की बोतल पड़ी मिली थी। रविवार दोपहर दो सौ मीटर दूर गड्ढे में अवनीश का शव मिलने से खलबली मच गई। शव के कमर, हाथ व पैर में जलने के निशान थे। मृतक के बाबा का कहना है कि पड़ोसी खेत मालिक खेत में करंट डाले हैं। इससे उनका पोता करंट की चपेट आ गया। आरोप है कि खेत मालिक ने गड्ढे में उसे फेंक दिया है। सूचना पर सीओ अंबुज यादव, कोतवाल विकेश बाबू मौके पर पहुंचे और जांच की। सीओ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।