कदौरा। महिला का शव क्षत-विक्षत हालत में जंगल में पड़ा मिलने से खलबली मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की पर नहीं हो पाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लोगों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र के समसी गांव के पास स्थित जंगल में शुक्रवार को चरवाहे जानवरों को चराने गए थे। तभी उन्हें एक महिला का शव क्षत विक्षत हालात में पड़ा दिखाई दिया। इस पर उन्होंने ग्रामीणों व पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। लोगों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और काफी दिनों से बेतवा के किनारे बसे गांव पथरेहठा, बसरेही, समसी आदि गांवों में इधर उधर घूमा करती थी। थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि शव बुरी तरह से क्षत विक्षत है। अनुमान है कि जंगली जानवरों ने शव को क्षत विक्षत किया होगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।