। फोटो 08: मृतक संजय सिंह की फाइल फोटो।
जालौन। मटर बेचकर घर लौट रहा किसान छिरिया सलेमपुर में पेट्रोल पंप के पास पानी से भरे खंदक में मिला। परिजन उसे सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है।
रेढ़र थाना क्षेत्र के ग्राम रूरा सिरसा निवासी संजय सिंह (40) बृहस्पतिवार को हरी मटर लेकर ट्रैक्टर से कृषि उत्पादन मंडी समिति में बेचने आए थे। मटर बेच कर रात में लगभग आठ बजे वह ट्रैक्टर से घर के लिए निकले। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने मोबाइल पर कॉल करने का प्रयास किया। मोबाइल स्विच ऑफ होने पर उनके बड़े भाई केशव सिंह राजावत ने व्यापारी को कॉल करके भाई की जानकारी ली। व्यापारी ने उन्हें बताया कि वह घर के निकल गए थे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
परिजन जब बंगरा मार्ग पर छिरिया सलेमपुर और कमसेरा के बीच में संचालित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो वहां संजय सिंह का ट्रैक्टर खड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने आसपास उन्हें तलाशना शुरू कर दिया। रात लगभग 11 बजे वह पास में ही खंदक में भरे पानी में पड़ा मिला। परिजनों ने इसकी जानकारी छिरिया मलकपुरा चौकी पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचते ही उसको खंदक से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा गया है। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी शशि (36), बेटी काजल (16), कामना (14) व ओमजी (11) का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ शैलेंद्र बाजपेयी का कहना है कि जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वजह पता चल सकेगी।