चुनाव के दौरान जिले के 19 शातिर बदमाशों की गिरफ्तारी न होने पर डीआईजी (झांसी रेंज) अमित मोहन ने मातहतों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि दो दिन के अंदर वांछितों की गिरफ्तारी न हुई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। वह शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में चुनाव समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण चुनाव कराना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। इसमें कोताही बरतने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीआईजी (झांसी रेंज) अमित मोहन चुनाव समीक्षा बैठक में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी न होने पर भड़क गए।
उन्होंने कालपी कोतवाल संतोष सिंह को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि चुनाव सिर पर है और इलाके के वांछित छुट्टा घूम रहे है। वहीं, जालौन व उरई कोतवाली प्रभारी को भी उन्होंने फटकार लगाई और वांछितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
डीआईजी ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में चुनाव के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण व थाना कोतवाली में आए फरियादियों की शिकायत सुनकर उन्हें निस्तारित करने के आदेश दिए। इस दौरान एसपी एन कोलांची, एएसपी शकील अहमद आदि मौजूद रहे।