ऐतिहासिक माहिल तालाब का निरीक्षण करने पहुंची डीएम संदीप कौर तालाब के आसपास गंदगी और अतिक्रमण देख कर खूब नाराज हुईं। उन्होंने नगर पालिका को फटकार लगा कर सफाई कार्य तेज करने कहा और निर्देश दिए कि तालाब में गंदगी फैलाने वालों को बख्शा न जाए। नोटिस देकर जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाए। डीएम ने
बताया कि सुंदरीकरण के लिए तालाब के किनारे योगा पार्क बनाया जाएगा। इसमें म्यूजिक की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने बताया कि पंचायती राज विभाग के अधिकारी भी इस काम में सहयोग करेंगे। इस मौके पर उन्होंने जल निकासी के लिए पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि से भी चर्चा की और कहा कि तालाब यह ऐतिहासिक धरोहर है इसके लिए सभी को अच्छे मन से काम
करना होगा। उधर, इलाकाई लोगों ने डीएम से तालाब के किनारे बना शौचालय हटाने की मांग भी की। निरीक्षण में सीडीओ एसपी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट पीके सक्सेना, डीपीआरओ मोहम्मद सरफराज आलम, तहसीलदार दुर्गेश यादव, समाज सेवी युद्दवीर कंथरिया, लक्ष्मण दास बाबानी, डा. रेहान सिद्दीकीऔर सत्यपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।
पर्यटन विभाग दे चुका है एक करोड़ 61 लाख
ऐतिहासिक माहिल तालाब को खूबसूरत बनाने के लिए तीन वर्ष पहले पर्यटन विभाग ने एक करोड़ 61 लाख का बजट दिया गया था। लेकिन राजकीय निर्माण निगम का काम धीमी गति से चल रहा है। डीएम ने इस पर भी नाराजगी जताई और कहा कि काम में तेजी लाने के लिए कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी किया जाएगा।
रोका डीएम का रास्ता सुनाई फरियाद
माहिल तालाब के आसपास डलिया बेचने वालों ने डीएम का रास्ता रोक कर उन्हें ज्ञापन दिया। विक्रेताआें ने डीएम की गाड़ी रोकी और कहा कि दुकानदारों को उजाड़ा न जाए। इस पर डीएम ने उन्हें समझाया कि वे अतिक्रमण न करें।