उरई। गोहन थाना क्षेत्र के सरावन गांव के पास पुलिया के नजदीक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर आरोपियों ने उसके शव को चारे में छिपा दिया था। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार के व्यक्ति की हत्या सुनील के घरवालों ने की थी। इसी के चलते वह 18 साल से सुनील को मारने की फिराक में थे।
गोहन थाना क्षेत्र के सरावन गांव स्थित सब स्टेशन बिजली पावर हाउस स्थित पुलिया के पास सोमवार की सुबह 45 वर्षीय व्यक्ति का शव रक्तरंजित हालत में पड़ा मिला। उसके गले को धारदार हथियार से काटने का प्रयास किया गया था। परिजनों ने उसकी शिनाख्त सरावन गांव निवासी सुनील कुमार कुशवाहा (45) के रूप में की। मृतक की बेटी सुरक्षा कुशवाहा ने मोहल्ले के ही रामकेश, विश्वास व गुलबसर पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल लिया है, उनका कहना है कि उनके ही परिवार के रामप्रकाश की हत्या 18 वर्ष पहले सुनील के ही घरवालों ने की थी। इसी का बदला लेने के लिए उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है। वहीं, सीओ राम सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। जांच की जा रही है।