जालौन। चार माह पहले जालौन इंडेन गैस एजेंसी में हुई साढ़े नौ लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने मंगलवार रात आरोपी को डीडी मेमोरियल स्कूल के पास दबोचा है। उसके पास से 2,53,500 रुपये, तमंचा और कारतूस मिले हैं। आरोपी राघवेंद्र उर्फ बर्री औरैया का रहने वाला है। उस पर औरैया और जालौन में 18 मामले दर्ज हैं।
23 फरवरी की रात लौना रोड स्थित गैस एजेंसी के ऑफिस में रखे 9,43,420 रुपये चोरी कर लिए गए थे। रविवार के कारण रुपये बैंक में जमा नहीं हो सके थे, इसलिए वह ऑफिस में ही रखे हुए थे। रात करीब दो बजे चोर ऑफिस के पीछे से छत पर चढ़ा और सेफ के ताले तोड़कर पूरी रकम उड़ा ले गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। अगले दिन जब एजेंसी संचालक प्रभुदयाल भाटिया ने ऑफिस खोला तो चोरी की जानकारी हुई और उन्होंने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से मामले की छानबीन शुरू की। इसमें रात करीब दो बजे चोर ऑफिस के पीछे से छत पर चढ़ गया और जीने से नीचे ऑफिस में उतर गया। चोर ने जीने और सेफ के लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखे रुपये चोरी कर लिए।
सीसीटीवी कैमरे में जीने से उतरकर एक व्यक्ति सेफ वाले कमरे में जाते हुए दिखा। मंगलवार रात को पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति कोंच मार्ग स्थित डीडी मेमोरियल स्कूल के पास किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। इस सूचना पर कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह और चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और ग्राम जरहौलिया थाना औरैया निवासी राघवेंद्र उर्फ बर्री को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से बिना कागजात की बाइक, एक तमंचा, कारतूस और 2.53 लाख रुपये बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ही गैस एजेंसी में चोरी की थी। उसने बताया कि शेष रकम वह खर्च कर चुका है। इसमें कुछ रकम मुकदमों की पैरवी पर भी खर्च हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही जनपद औरैया और जालौन में 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश किया गया है जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।