कोंच (जालौन)। नदीगांव थाने के कुरचौली में हुई युवक प्रेमकुमार की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई थी। पत्नी से युवक के संबंध होने पर उसके पति ने ही युवक को कुल्हाड़ी मारकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को जिन तीन लोगों को मुकदमे में नामजद कराया गया था उनकी नामजदगी गलत पाए जाने पर उनके नाम मुकदमे से हटा दिए गए हैं। युवक का शव रक्तरंजित हालत में शुक्रवार की सुबह नदी किनारे जंगल में मिला था। सीओ ने शनिवार को घटना का खुलासा किया।
सीओ उमेश कुमार पांडे ने बताया कि शुक्रवार को वादी कुरचौली निवासी राजकुमार ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि उसका 40 वर्षीय भाई प्रेमकुमार उर्फ भटा गुरुवार को बकरियां चराने नदी किनारे जंगल में गया था। उसका शव शुक्रवार सुबह रक्त रंजित हालत में पड़ा मिला था। वादी ने गांव के ही मंशाराम और उसके बेटों मुन्नालाल, छोटू व एक अज्ञात व्यक्ति पर भाई की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सीओ ने बताया कि पुलिस ने जब उपरोक्त लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की तो सामने आया कि घटना को उन्होंने अंजाम नहीं दिया। पूछताछ में गांव के ही 40 वर्षीय लालमन उर्फ मुंशी कोरी का नाम प्रकाश में आया था। थानाध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा की अगुवाई में पुलिस ने लालमन को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने प्रेमकुमार की हत्या का की बात कुबूली।
हत्यारोपी लालमन ने बताया कि प्रेमकुमार के उसकी पत्नी से कई वर्षो से अवैध संबंध थे। उसने प्रेमकुमार को कई बार समझाया, लेकिन प्रेमकुमार नहीं माना। इससे खुन्नस में आकर उसने कुल्हाड़ी से वार कर बकरियां चरा रहे प्रेमकुमार की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी लालमन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर उसके खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। गलत पाए जाने पर मंशाराम व उसके बेटों मुन्ना व छोटू की नामजदगी हटा दी गई है।