रामपुरा। विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम टीहर से कुनियापुरा के लिए जाने वाली सड़क बदहाल है।
तीन किलोमीटर की सड़क में जगह-जगह डामर निकल गया है। इससे राहगीरों को दिक्कत होती है। उन्होंने जल्द सड़क बनवाने की मांग की है।
प्रधानमंत्री सड़क परियोजना के तहत ग्राम टीहर से कुनियापुरा गांव को मिलाने के लिए लगभग 10 साल पहले करीब 30 लाख की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया गया था। सड़क की स्थिति खराब होने के बाद लगभग दो वर्ष पूर्व इस सड़क पर पुनः लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य कराया गया था।
वर्तमान में इस सड़क की हालत बदतर हो गई है। लगभग तीन किलोमीटर की इस सड़क पर जगह-जगह डामर के निकलने के कारण मोटी-मोटी गिट्टी निकल आने के कारण इस सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण सुनील, मुकेश, वीरू, आशीष, जितेंद्र ने बताया कि दोपहिया वाहनों के इस सड़क पर गिरने की संभावना बढ़ जाती है।
निम्न स्तर के मैटेरियल से बनाई गई सड़क ने अपनी गुणवत्ता का जवाब दे दिया हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने कहा कि सड़क का सर्वे कराकर इस सड़क के मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाएगा।
उरई। नगर पालिका के वार्ड नंबर-14 इंदिरानगर भारत गैस एजेंसी के पास रहने वाले लोगों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर बिजली, सड़क की समस्या को लेकर डीएम को ज्ञापन दिया। इंदिरानगर निवासी रितुराज, राजकुमार, अनिल, राजकिशोर, सोनम व नरेश आदि ने बताया कि मोहल्ले में बिजली न आने के कारण आपराधिक वारदातों का खतरा रहता है। साथ ही बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा पानी की भी समस्या हो रही है। उन्होंने जल्द समस्या दूर करने की मांग की।