कोंच। शादी की तैयारियों में जुटे परिवार में उस समय हड़कंप मच गया, जब सोमवार को पुलिस के साथ पहुंची बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम ने किशोरी की शादी रुकवा दी। टीम किशोरी को साथ ले गई। बताया गया कि किसी व्यक्ति ने गोपनीय तरीके से किशोरी की शादी कराए जाने की सूचना दी थी।
कस्बे के एक मोहल्ले में एक परिवार में बेटी की शादी की तैयारियां जोरो पर चल रही थीं। 19 जून को फेरे होने थे। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था और तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी दौरान सोमवार दोपहर अचानक पुलिस के साथ बाल कल्याण समिति की टीम पहुंच गई। टीम ने परिजनों से जानकारी लेने के बाद शादी रुकवाने लिए कहा और किशोरी को अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां आवश्यक कार्रवाई और लिखापढ़ी की गई। इसके बाद टीम किशोरी को अपने साथ ले गई। बताया गया कि शिकायत मिलने पर बाल कल्याण समिति की टीम ने कार्रवाई की। टीम में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर प्रतीक्षा सिंह, गरिमा पाठक और समिति अध्यक्ष सतीश कुमार के साथ सागर चौकी प्रभारी सुमित पांडे, महिला दरोगा भारती सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। सीडब्ल्यूसी टीम ने परिजनों को बाल विवाह कानून के प्रावधानों के बारे में जानकारी भी दी।