उरई। बुआ के घर आई किशोरी के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। जब वह घर पहुंची तो उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। डॉक्टरी परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पूछने पर किशोरी ने बताया कि बुआ के गांव निवासी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। गुरुवार को पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कैलिया थाना पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी अपने भाई के साथ 26 अप्रैल को बुआ के घर एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के बाद उसका बेटा तो घर लौट आया था, लेकिन उसकी बेटी को बुआ ने नहीं आने दिया था। 13 दिन बाद उसके फूफा उसे घर छोड़ गए। जिस दिन से वह बुआ के यहां से आई गुमसुम सी कमरे में बैठी रहती। वह किसी से बात भी नहीं कर रही थी। पूछने पर भी किसी को कोई जानकारी नहीं दे रही थी।
28 जून को जब उसकी हालत बिगड़ी तो उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरी परीक्षण में पता चला कि किशोरी के साथ दुष्कर्म हुआ है। ग्रामीण ने बताया कि जब उसने बेटी से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि बुआ के यहां रहने वाले युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद किशोरी ने अपनी मां को भी पूरी बात बताई। उसने यह भी बताया कि लोक-लाज के भय से तहरीर देने में देरी हुई है। सीओ कोंच परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।