कुठौंद। थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को किशोर ने 50 रुपये देने का लालच देकर घर के बाहर खेल रहे बालक से कुकर्म किया। बालक को जख्मी हालत में छोड़कर किशोर भाग गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर किशोर को पकड़ लिया है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उसका सात वर्षीय पुत्र सोमवार की रात घर के बाहर खेल रहा था। 16 वर्षीय किशोर उसे 50 रुपये का लालच देकर अपने साथ ले गया और एकांत में जाकर उसके साथ कुकर्म किया। इससे उसका पुत्र लहूलुहान हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
थानाध्यक्ष अरुण कुमार राय ने बताया कि दोनों नाबालिग हैं, लेकिन आरोपी किशोर के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चूंकि आरोपी स्वयं नाबालिग है, इसलिए इस प्रकरण की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड में की जाएगी। वहीं पीड़ित बच्चे को चिकित्सीय परीक्षण और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।