कालपी। सड़क हादसे में घायल हुए किशोर की इलाज के दौरान ग्वालियर में मौत हो गई। जबकि उसकी मां व बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। किशोर की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्वालियर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के छौंक गांव निवासी उस्मान उर्फ छंगे शुक्रवार को जालौन में आयोजित अपने साले की शादी में परिवार समेत शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वह ऑटो में सवार होकर वापस अपने गांव छौंक आ रहे थे, जैसे ही ऑटो क्षेत्र के उसरगांव के पास पहुंची तभी चालक परवेज को झपकी आ गई, जिससे हाईवे किनारे खड़े ट्रक में ऑटो भिड़ गया।
हादसे में ऑटो सवार उस्मान की पत्नी सन्नो बानो (40) बडा पुत्र शोएब (16) व पुत्री शिफा (13) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जबकि उस्मान बाल बाल बच गया था। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने तीनों को मेडिकल कालेज पहुंचाया था। जहां गंभीर हालत होने पर दोनों को मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया था। लेकिन उपचार के बाद शोएब की हालत में सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया था। जहां रविवार की सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मां सन्नो का इलाज चल रहा है। मौत की खबर सुन परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बताया कि उसने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। कोतवाल कामता प्रसाद का कहना है कि ग्वालियर में इलाज के दौरान किशोर की मौत हुई है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। जांच पड़ताल की जा रही है।