उरई। मोबाइल पर बात करने से मना करने पर नाराज किशोरी ने घर के कमरे में लगे पंखे के हुक में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय वह घर पर अकेली थी। परिजन खेत पर गए हुए थे। जब वह घर लौटकर आए तो बेटी को फांसी पर लटकता देख पुलिस को सूचना दी।
रेंढर थाना क्षेत्र के बुढ़ावली निवासी पप्पू बरार की बेटी वंदना (14) बंगरा कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा थी और लॉकडाउन के चलते छुट्टी के कारण घर पर थी। शुक्रवार सुबह वह मोबाइल पर सहेली से बात कर रही थी। देर तक बात करने पर पिता पप्पू ने उसे डांट दिया और खेत पर चला गया। जिससे नाराज वंदना ने सुबह नौ बजे के आसपास घर के कमरे में दुपट्टे से फांसी लगा ली। जब पप्पू दोपहर को घर लौटकर आया तो बेेटी को फांसी पर लटकता देखा तो उसके होश उड़ गए। पप्पू ने बताया उसकी पत्नी बेटों के साथ लुधियाना में रहकर मजदूरी करती है। वह अपने पिता व बेटी वंदना के साथ गांव में रहता है। मौके पर पहुंचे प्रभारी थाना दौलतराम शाक्य ने शव उतारकर जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।