जालौन। एक पखवारे पूर्व गांव में पानी भरने गई किशोरी को एक ग्रामीण बहलाकर घर ले गया, जहां उससे छेड़खानी की। गांव के लोगों ने देख लिया तो वह धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने ग्रामीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। 17 मई को उनकी दोनों बेटियां गांव में स्थित नल पर पानी भरने गई थीं। पानी भरते समय वहां बलवीर आ गया और उनसे बात करने लगा। इसी दौरान उसने बड़ी बेटी को कुछ रुपये देकर उसे टॉफी लेने के लिए भेज दिया और सात वर्षीय छोटी बेटी को वह पास में स्थित एक कमरे में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब बेटी ने विरोध किया तो उसे डराया और धमकाया भी। तभी वहां गांव के कुछ लोग पहुंच गए तो वह धमकी देकर वहां से भाग गया। बेटी ने कुछ दिन तो डर की वजह से उसे घटना के बारे में नहीं बताया। जब वह कुछ सामान्य हुई तो घटना की जानकारी दी। जिसके बाद वह कोतवाली पहुंची है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।