उरई। शहर के मोहल्ला नया पटेलनगर निवासी रोशनी (16) सीएमएस कार्यालय के बाहर गुरुवार को अचेत होकर गिर गई। किशोरी के गिरते ही उसकी मां चीखने चिल्लाने लगी। शोर सुनकर सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय, डॉ. विनय अग्रवाल, राहुल अग्निहोत्री पहुंचे। समाजसेविका डॉ. ममता स्वर्णकार भी उस वक्त अस्पताल पहुंची थीं।
किशोरी की इमरजेंसी लाया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि किशोरी अपनी मां के साथ जिला अस्पताल इलाज को पहुंची थी। ओपीडी में कई चिकित्सकों के पास गई लेकिन उसे सही सलाह नहीं मिली। वह शिकायत करने सीएमएस के पास जा रही थी, तभी अचेत हो गई। सीएमएस ने बताया कि किशोरी पहले भी अस्पताल आ चुकी है। डॉक्टरों ने उसे बड़े सेंटर में जाने की सलाह भी दी है, लेकिन उसकी मां बेवजह अस्पताल में चक्कर काट रही थी। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। (संवाद)