उरई। कुकरगांव में गुरुवार को निजी बस ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार किशोर की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी रिश्तेदारी में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर निवासी राजेंद्र सिंह तोमर (50), पत्नी सविता सिंह (48), साली संगीता सिंह, उनकी बेटी बेबो, रिश्तेदार अलका व अपने पुत्र अभि प्रताप सिंह तोमर (13) के साथ कार से जालौन कोतवाली क्षेत्र के रूरा मल्लू गांव में रिश्तेदारी में गए थे। सभी लोग वहां से कार से घर लौट रहे थे। कार शहर कोतवाली क्षेत्र के कुकरगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो निजी बस से टकरा गई। इससे कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहुंची पुलिस ने सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने अभि को मृत घोषित कर दिया। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया है। जांच की जा रही है।