उरई। पांच दिन बीतने के बाद भी अधिवक्ता व लेखाकार अपनी मांग पर अड़े हैं।
जिससे उपनिबंधक कार्यालय में शनिवार को भी काम नहीं हो सका। रजिस्ट्री कराने आए लोग मायूस होकर लौट गए। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक रजिस्ट्रार का ट्रांसफर नहीं किया जाता है। तब तक कलम बंद हड़ताल जारी रहेगी। सोमवार को विरोध दिवस मनाया जाएगा।
उपनिबंधक कार्यालय में फैली अनियमितताओं व सब रजिस्ट्रार कल्पना अवस्थी के दुर्व्यवहार से परेशान अधिवक्ता व लेखाकार पिछले पांच दिनों से कलमबंद हड़ताल पर हैं। वह सब रजिस्ट्रार के ट्रांसफर पर अड़े हैं। सोमवार को अधिवक्ताओं ने कहा कि कार्यालय में तैनात कल्पना अवस्थी अमर्यादित भाषा व अधिवक्ता व लेखाकारों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करती हैं।
साथ ही वह समय से कार्यालय में नहीं बैठती। कार्यलय में भृष्टाचार को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसी स्थिति में उनका स्थानांतरण होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिला बार संघ जालौन सोमवार को सांकेतिक रूप से विरोध दिवस मनाएंगे। अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो 16 जनवरी को सभी अनिश्चितकालीन हड़ताल कर न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।