कालपी। मदरा लालपुर गांव स्थित ऐतिहासिक सूर्य मंदिर को पर्यटन केंद्र बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। यमुना नदी के किनारे स्थित प्राचीन मंदिर अपनी वास्तुकला और कोणार्क मंदिर से मिलती-जुलती शिल्पकला के लिए प्रसिद्ध है। जिला प्रशासन अब इस सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठा रहा है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने मंदिर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और इसके जीर्णोद्धार की योजना पर चर्चा की। डीएम ने कहा यह सूर्य मंदिर हमारी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। इसे संवारने और संरक्षित करने के लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
जिला प्रशासन के इस पहल से अब उम्मीद की जा रही है कि यह ऐतिहासिक धरोहर न केवल संरक्षित होगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र भी बनेगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर व सीढ़ियों के आसपास झाड़ियां देखकर संबंधित को इसकी साफ सफाई कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम सुशील कुमार सिंह, सीओ अवधेश कुमार सिंह, कदौरा थाना प्रभारी प्रभात सिंह आदि रहे।