उरई। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत बीआरसी मडोरा में उच्च प्राथमिक स्तर के बच्चों की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 50 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 100 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
एडीएम न्यायिक जुबेर बेग, डीआईओएस राजकुमार पंडित, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी दीप निगम, डायट प्रवक्ता विनोद शुक्ला ने जनपद के लिए चयनित दस छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, मोमेंटो, विज्ञान किट एवं नगद धनराशि देकर पुरस्कृत किया। जो बच्चे टॉप टेन बच्चों मे स्थान नहीं बना सके, उन्हें प्रमाणपत्र एवं सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
बीएसए चंद्रप्रकाश ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहले और दूसरे स्थान पर चयनित म़ॉडल को प्रदेश स्तर पर भेजा जाएगा। इस दौरान एआरपी देवेंद्र यादव, संगीता जाटव, हरिओम कौशिक, मनीष निरंजन, मनीष परिहार, आदि मौजूद रहे। संचालन सौरभ निरंजन ने किया।
रेलवे ओवरब्रिज का मॉडल बना पहले स्थान पर रहीं काजल
फोटो-14-म़ॉडल की जानकारी देती प्रथम स्थान पर आई छात्रा काजल। संवाद
उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्रा काजल को सेंसर वाला रेलवे ओवरब्रिज बनाने के लिए पहला स्थान मिला। काजल ने दस हजार रुपये का पुरस्कार जीता। काजल ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को बनाने में करीब 1200 रुपये खर्च हुए। दूसरा पुरस्कार यूपीएस रूरा मल्लू से अंशिका को स्पीड ब्रेकर से इलेक्ट्रिक पैदा करने पर मिला। अंशिका को साढ़े सात हजार रुपये दिए गए। जबकि तीसरा पुरस्कार यूपीएस पंडित की अंशिका ने जीता। वाटर स्पिलिंगर सेट बनाने पर उसे पांच हजार रुपये मिला। निर्णायक मंडल में जिला समन्वयक विश्वनाथ दुबे, श्यामजी गुप्ता, शिवदीन चौधरी, एसआरजी लोकेश पाल, अभिलाष तिवारी रहे।