उरई। शहर कोतवाली क्षेत्र में 500 रुपये की उधारी को लेकर छात्रों के बीच हुआ विवाद चाकूबाजी में बदल गया। आरोप है कि एक छात्र ने साथी छात्र पर चाकू से कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे छात्र को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। दोनों घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायल छात्र के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा अपने दोस्त के साथ स्टेशन रोड स्थित रेस्टोरेंट के पास एक कोचिंग में पढ़ने गया था। उसी क्लास में पढ़ने वाला छात्र 500 रुपये की उधारी को लेकर उसके दोस्त से विवाद करने लगा। आरोप है कि छात्र ने उसके बेटे के दोस्त को चाकू से कई वार कर दिए। दोस्त पर हमला होते देख उसका बेटा बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। घटना में दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर ली है। कोतवाल आनंद सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।